झारखंडरांची

झारखंड में कड़ाके की ठंड का कहर, कई जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी

रांची, 08 जनवरी । झारखंड में ठंड का प्रकोप फिलहाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार तक कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।

मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को राज्य के दक्षिणी, पश्चिमी और मध्यवर्ती जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर चली, जबकि शुक्रवार को पश्चिमी और मध्यवर्ती जिलों में कई स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। ठंडी हवाओं और कम तापमान के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन काफी बढ़ गई है।

राज्य के अधिकांश जिले इस समय भीषण ठंड की चपेट में हैं। कई जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। इसके अलावा डाल्टनगंज में 3.4 डिग्री, खूंटी में 3.2 डिग्री और लोहरदगा में 3.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। इन जिलों में ठंड के कारण सुबह-शाम सड़कों पर सन्नाटा देखा गया।

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में गुरुवार की सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन शीतलहर के कारण लोग ठिठुरते नजर आए। सुबह के समय ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली और लोग खुले स्थानों व छतों पर धूप सेंकते दिखाई दिए।

तापमान की बात करें तो गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो में दिन का अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। चाईबासा में अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है। सुबह और देर रात अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और अलाव या हीटर का सुरक्षित उपयोग करने की अपील की गई है।

शीतलहर के चलते ग्रामीण इलाकों में भी ठंड का असर साफ देखा जा रहा है। खेतों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार यदि उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का प्रभाव जारी रहा, तो अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *