रांची

रांची जिले के सभी स्कूलों में 10 जनवरी तक कक्षाएं स्थगित, पेरेंट्स एसोसिएशन ने फैसले का किया स्वागत

रांची। राज्य में लगातार बढ़ रही ठंड और मौसम विभाग द्वारा जारी शीतलहर की चेतावनी को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के सभी विद्यालयों में कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार रांची जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से 12वीं तक की पढ़ाई 09 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेगी। प्रशासन का यह फैसला विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

हालांकि, इस अवधि में सरकारी विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों को विद्यालय आकर ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। साथ ही वे गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय केवल विद्यार्थियों की कक्षाओं पर लागू होगा।

उल्लेखनीय है कि झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने पूर्व में ही जिला प्रशासन और राज्य सरकार से शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए स्कूलों में कक्षाएं स्थगित करने की मांग की थी। संगठन का कहना था कि अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों में सर्दी, खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है।

जिला प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अजय राय ने कहा कि यह फैसला समय पर और जनहित में लिया गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा मौसम में छोटे बच्चों और किशोरों का स्वास्थ्य सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है, ऐसे में विद्यालय बंद रखने का निर्णय अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने जिला प्रशासन को अभिभावकों की चिंता समझने और सकारात्मक कदम उठाने के लिए धन्यवाद दिया।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *