रांची

मानव सेवा ही सच्ची प्रभु सेवा : स्वामी सदानंद जी महाराज

सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में निराश्रितों से मिलकर कराया भोजन, 50 नए बेड लगाने की घोषणा

रांची: पुंदाग स्थित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य प्रेम सभागार) में परम पूजनीय संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज ने आश्रम में निवासरत निराश्रितजनों, दीनबंधु प्रभुजनों एवं सेवादारों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने सभी को अपने कर-कमलों से आशीर्वाद दिया और स्नेहपूर्वक भोजन भी कराया।

गुरुदेव ने आश्रम में रह रहे प्रत्येक प्रभुजन से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, आवास एवं दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी निराश्रित और जरूरतमंद व्यक्ति को उपेक्षित महसूस नहीं होना चाहिए। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का दायित्व है कि वह ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग करे।

अपने आशीर्वचन में स्वामी सदानंद जी महाराज ने कहा कि “मानव सेवा ही सच्ची प्रभु सेवा है। जब हम किसी असहाय, निराश्रित या पीड़ित व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, तभी हमारा जीवन सार्थक होता है।” उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आश्रम की सेवा गतिविधियों में तन, मन और धन से सहयोग देने की अपील की।

इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि आश्रम में बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए शीघ्र ही 50 आधुनिक सुविधायुक्त नए बेड लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक निराश्रित एवं असहाय लोगों को सम्मानपूर्वक आश्रय और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल आश्रय देना नहीं, बल्कि प्रत्येक प्रभुजन को परिवार जैसा स्नेह, सम्मान और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।

ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि वर्तमान में आश्रम में 45 निराश्रित प्रभुजनों को भोजन, आवास, चिकित्सा, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। ट्रस्ट भविष्य में भी सेवा कार्यों का विस्तार करता रहेगा।

इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल सहित विजय अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, शिव भगवान अग्रवाल, पंकज पोद्दार, रंजीत गाड़ोदिया, मधुसूदन जाजोदिया, नंदकिशोर चौधरी, सुरेश अग्रवाल, मनीष साहू, नवल अग्रवाल, मनीष जालान, पुजारी अरविंद पांडे, विशाल जालान, प्रभास गोयल, विष्णु सोनी एवं ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *