रांची

सेपकटकरा संघ झारखंड ने जताया शोक, श्रद्धांजलि सभा आयोजित — सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप स्थगित

रांची, 7 नवम्बर : सेपकटकरा संघ झारखंड ने गहरे दुःख के साथ सेपकटकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं भारतीय सेपकटकरा खेल के मार्गदर्शक स्वर्गीय योगेन्द्र सिंह दहिया तथा अंतरराष्ट्रीय कोच एवं रेफरी स्वर्गीय अंकित बालियान के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। दोनों का 3 नवम्बर को गोवा में एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया।

उनके सम्मान में शुक्रवार को रांची में संघ की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी, कोच, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय दहिया जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा का संचालन श्री शिवेंद्र दुबे ने किया।
इस दौरान सुनील सूर्यात, डॉ. कविता सिंह, आई.एस.के. पांडे, प्रियदर्शी अमर, संजय साहू, रत्नेश कुमार, अमरेंद्र दत्त द्विवेदी, उदय साहू, विभूति भूषण अमर, चंचल भट्टाचार्य, मनोज कुमार महतो, शंकर दुबे, शैलेन्द्र कुमार, मिथलेश साहू, अजीत सिन्हा, मनोज साहू, उमा रानी, संजय कुमार साहू, बुल्लू गोप, मनोज गुप्ता, डॉ. अंशु साहू, डॉ. उदीप लाल, सुनील यादव, प्रदीप खन्ना, मुकेश कुमार, आशेष कुमार, कौशिक दत्ता, सईद वाहिद अली, कृष्णा सहित विभिन्न जिला संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

राज्य के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने पुष्प अर्पित कर अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए और भावनाएं व्यक्त कीं। वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय दहिया जी का जीवन खेल और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके नेतृत्व और समर्पण ने सेपकटकरा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।

सभा में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि सेपकटकरा खेल के विकास में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

चैंपियनशिप स्थगित

स्वर्गीय दहिया जी के निधन पर राष्ट्रीय शोक और सम्मानस्वरूप, सेपकटकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया और सेपकटकरा संघ झारखंड ने संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया है कि 28वीं सब जूनियर नेशनल सेपकटकरा चैंपियनशिप, जो 9 से 15 नवम्बर 2025 तक रांची में होनी थी, को स्थगित किया जाता है।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता की नई तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। यह चैंपियनशिप सत्र 2025–26 के भीतर ही आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *