रांची

रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ अभियान के तहत सड़क सुरक्षा पर सेमिनार आयोजित


रांची।
रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ अभियान के तहत सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मोराबादी रोड अंतू चौक स्थित गंगा प्रसाद बुधिया सरस्वती विद्या मंदिर में एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परिवहन विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर सामाजिक संस्था समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के तौर पर विद्यालय के प्राचार्य आशीष कुमार झा, समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आनंद केडिया, उमेश केडिया, स्मिता केडिया एवं रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के दुष्परिणाम तथा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान मानवीय संवेदनाएं बनाए रखने पर विशेष रूप से जागरूक किया गया। वक्ताओं ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है, जिसके लिए न केवल आर्थिक दंड बल्कि कारावास का भी प्रावधान है। इसके लिए अभिभावकों की जिम्मेदारी भी तय की गई है।

सेमिनार के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि वे सड़क सुरक्षा के प्रति अपने घर, पड़ोस और समाज के लोगों को भी जागरूक करें। वक्ताओं ने कहा कि जीवन अनमोल है। यदि सड़क पर कोई दुर्घटना हो जाए, तो रील बनाने के बजाय मानवता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद करें और एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के उप-प्राचार्य आनंद प्रकाश मिश्र, आचार्य मृत्युंजय प्रकाश पाठक, प्रियांशु रंजन श्रीवास्तव सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सेमिनार में सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *