NEET (UG)-2026 री-एग्जाम को लेकर झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेंगे पुलिस बल और दंडाधिकारी, सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर

रांची। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 री-एग्जाम को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए झारखंड में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह, आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह, स्पेशल ब्रांच के डीआईजी नौशाद आलम अंसारी तथा एसपी अभियान दीपक कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक में सभी जिलों को परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
निर्देश के अनुसार प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। परीक्षार्थियों को प्रवेश से पूर्व फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक जांच से गुजरना होगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
एनटीए ने प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित परिवहन के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। प्रश्न पत्रों को स्ट्रांग रूम से परीक्षा केंद्रों तक तथा परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को वापस स्ट्रांग रूम तक कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचाया जाएगा।
एयरफोर्स के माध्यम से पहुंचेंगे प्रश्न पत्र
बैठक में जानकारी दी गई कि री-एग्जाम के प्रश्न पत्र भारतीय वायुसेना के माध्यम से रांची, देवघर और जमशेदपुर एयरपोर्ट लाए जाएंगे। यहां से झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार और ओडिशा के निर्धारित परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाया जाएगा। धनबाद के लिए प्रश्न पत्र पश्चिम बंगाल के पानागढ़ एयरबेस तथा सिमडेगा के लिए ओडिशा के राउरकेला एयरपोर्ट से भेजे जाएंगे।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी तथा प्रत्येक जिले में फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया जाएगा, जो परीक्षा अवधि के दौरान लगातार गश्त करेगा। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों एवं पेपर लीक जैसी गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। फोटोकॉपी दुकानों, साइबर कैफे और कोचिंग संस्थानों की भी विशेष निगरानी की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय और एनटीए ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि 21 जून को होने वाली परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
