रांची

विश्व योग दिवस पर 21 जून को चैंबर भवन में होगा योगासन कार्यक्रम

योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की प्रभावी पद्धति : रामशंकर बगड़िया

रांची। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की आयुष स्वास्थ्य उप समिति द्वारा रविवार, 21 जून 2026 को सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक चैंबर भवन में विशेष योगासन एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम डॉ. लालचंद बगड़िया एक्यूप्रेशर संस्थान के सहयोग से आयोजित होगा।

आयुष स्वास्थ्य उप समिति की बैठक में कहा गया कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली, बढ़ते मानसिक तनाव तथा विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की वैज्ञानिक और प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक क्षमता, मानसिक एकाग्रता, रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। यही कारण है कि आज योग को विश्वभर में अपनाया जा रहा है और भारत की इस प्राचीन विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन भी प्रतिभागियों को दिया जाएगा।

आयुष स्वास्थ्य उप समिति के चेयरमैन रामशंकर बगड़िया ने चैंबर के सभी सदस्यों, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *