कोडरमा

कोडरमा में आभूषण दुकानों व बैंकों का सुरक्षा ऑडिट तेज, एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर चला विशेष अभियान

एसपी

सीसीटीवी, अलार्म, पैनिक बटन से लेकर गार्ड और प्रकाश व्यवस्था तक की हो रही गहन जांच

कोडरमा। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोडरमा पुलिस ने आभूषण दुकानों, बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों का विशेष सुरक्षा ऑडिट अभियान तेज कर दिया है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।

इस अभियान के तहत आभूषण दुकानें, राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंक, एटीएम, माइक्रो फाइनेंस संस्थान सहित अन्य वित्तीय प्रतिष्ठानों की गहन सुरक्षा जांच की जा रही है। एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि सुरक्षा ऑडिट के दौरान प्रत्येक बिंदु की बारीकी से जांच सुनिश्चित की जाए।

सीसीटीवी और तकनीकी सुरक्षा पर विशेष जोर

सुरक्षा ऑडिट के दौरान प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या, कवरेज एरिया, कैमरों की गुणवत्ता, रिकॉर्डिंग अवधि और बैकअप सिस्टम की जांच की जा रही है। इसके साथ ही डीवीआर की सुरक्षा और उसके सुचारू संचालन की भी गहन समीक्षा की जा रही है।
अलार्म सिस्टम और पैनिक बटन की उपलब्धता तथा आपात स्थिति में उनकी कार्यक्षमता को भी जांचा जा रहा है।

भौतिक और रात्रि सुरक्षा की भी हो रही समीक्षा

भौतिक सुरक्षा के अंतर्गत प्रवेश एवं निकास द्वार, शटर, ग्रिल, ताले, बायोमैट्रिक लॉक तथा सुरक्षा गार्ड की तैनाती का निरीक्षण किया जा रहा है। सभी बैंकों और वित्तीय संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।

रात्रि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाहरी एवं आंतरिक प्रकाश व्यवस्था और रात्रि गश्ती की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की भी समीक्षा की जा रही है।

कमियां मिलने पर सख्त निर्देश

सुरक्षा ऑडिट के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई जा रही हैं, उन्हें मौके पर ही आवश्यक सुधार के लिए मौखिक एवं लिखित निर्देश दिए जा रहे हैं। निर्धारित समय सीमा में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर विधिसम्मत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

एसपी का बयान

इस संबंध में एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि “आभूषण दुकानों और वित्तीय संस्थानों में होने वाली आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा ऑडिट अत्यंत आवश्यक है। पुलिस और प्रतिष्ठान प्रबंधन के आपसी सहयोग से ही सुरक्षित वातावरण बनाया जा सकता है।”
उन्होंने आम नागरिकों, व्यवसायियों और बैंक कर्मियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।

कोडरमा पुलिस द्वारा यह सुरक्षा ऑडिट अभियान चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगा, ताकि जिले में अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *