IND vs NZ निर्णायक वनडे: होलकर स्टेडियम में भारत की अजेय लकीर दांव पर, रोहित-कोहली पर टिकी निगाहें
18 जनवरी को इंदौर में सीरीज का फैसला, टिकट मिनटों में हुए आउट
इंदौर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुकी है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसे वनडे क्रिकेट में भारतीय टीम का अभेद किला माना जाता है। इस मैदान पर टीम इंडिया ने अब तक कोई भी वनडे मैच नहीं गंवाया है, जिससे भारतीय प्रशंसकों की उम्मीदें और उत्साह दोनों चरम पर हैं।
होलकर स्टेडियम: भारत का मजबूत गढ़
होलकर स्टेडियम का रिकॉर्ड भारत के पक्ष में बेहद शानदार रहा है। दिलचस्प बात यह है कि तीन साल पहले भी भारत और न्यूजीलैंड इसी मैदान पर सीरीज के तीसरे मैच में भिड़े थे, जिसमें भारत ने न्यूजीलैंड को 90 रनों से करारी शिकस्त दी थी। एक बार फिर वही संयोग दोहराया जा रहा है और क्रिकेट प्रेमी इतिहास के दोहराव की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
रोहित-कोहली की जोड़ी पर फैंस की नजर
इस मुकाबले को खास बनाता है रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी। दोनों दिग्गज बल्लेबाज गुरुवार दोपहर भारतीय टीम के साथ इंदौर पहुंचे। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर दोनों सितारों को देखने के लिए प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
रोहित शर्मा (38) और विराट कोहली (37) अपने करियर के अंतिम चरण में हैं। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि इंदौर में यह दोनों दिग्गज दोबारा खेलते नजर आएंगे या नहीं, यह तय नहीं है। इसी कारण फैंस उन्हें आखिरी बार देखने का मौका हाथ से जाने नहीं देना चाहते।
सीरीज 1-1 से बराबर, रोमांच चरम पर
सीरीज के पहले वनडे में भारत ने बड़ौदा में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया, जबकि दूसरे वनडे में राजकोट में न्यूजीलैंड ने भारत को सात विकेट से मात देकर सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। अब इंदौर में खेला जाने वाला यह मुकाबला सीरीज का फाइनल डिसाइडर साबित होगा।
टिकट मिनटों में हुए बिके
मैच को लेकर उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू होते ही कुछ ही मिनटों में सभी टिकट बिक गए। हालांकि अब भी होलकर स्टेडियम के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसक टिकट की तलाश में भटकते नजर आ रहे हैं।
पिछला वनडे: शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर का जलवा
भारत ने इंदौर में आखिरी वनडे मैच 24 सितंबर 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उस मुकाबले में केएल राहुल की कप्तानी में भारत ने 5 विकेट पर 399 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जो इस मैदान का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा।
उस मैच में शुभमन गिल (104) और श्रेयस अय्यर (105) ने शानदार शतकीय पारियां खेलीं, जबकि केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने आक्रामक अर्धशतक जमाए। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 217 रनों पर ढेर हो गई थी। गेंदबाजी में रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा ने तीन-तीन विकेट चटकाए थे।
