रांची

नए साल में SBI का बड़ा तोहफा : संविदाकर्मी और पेंशनभोगियों को ₹1.10 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा

Ranchi : नए साल के मौके पर देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने झारखंड के संविदाकर्मियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। बैंक राज्य में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को आगे बढ़ाते हुए इन्हें मजबूत दुर्घटना बीमा कवर देने जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, इस योजना को लेकर जल्द ही औपचारिक घोषणा और समझौता (MoU) किया जाएगा।

सैलरी के अनुसार मिलेगा बीमा कवर

SBI के कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत अब संविदाकर्मियों को भी सैलरी स्लैब के हिसाब से अधिकतम ₹1.10 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा मिलेगा। इसमें ₹1 करोड़ का मुख्य व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और डेबिट कार्ड से जुड़ा अतिरिक्त ₹10 लाख का बीमा शामिल है।

न कोई शुल्क, न सरकार पर बोझ

इस सुविधा के लिए खाताधारक को कोई प्रीमियम या शुल्क नहीं देना होगा। केवल SBI में सैलरी खाता होना जरूरी है। इससे राज्य सरकार पर भी किसी तरह का वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।

तेज और भरोसेमंद क्लेम भुगतान

SBI का क्लेम सेटलमेंट रिकॉर्ड झारखंड में बेहतर रहा है। वर्ष 2023 से झारखंड पुलिस के साथ हुए MoU के तहत अब तक 55 परिवारों को दुर्घटना बीमा की राशि सीधे खातों में दी जा चुकी है। इससे बैंक की पारदर्शिता और संवेदनशीलता सामने आती है। गौरतलब है कि 17 अप्रैल 2025 को राज्य सरकार और SBI के बीच स्थायी कर्मचारियों के लिए भी इसी तरह का MoU हुआ था।

परिवार को भी सुरक्षा

SBI परिवार की सुरक्षा पर भी खास ध्यान दे रहा है।
– SBI रिश्‍ते अकाउंट (गोल्ड और उससे ऊपर) में परिवार के चार सदस्यों को ₹5–5 लाख, कुल ₹20 लाख का दुर्घटना बीमा।
– दुर्घटना में अभिभावक की मृत्यु होने पर बच्चों की स्नातक शिक्षा के लिए ₹8 से ₹10 लाख तक की मदद।
– परिवार की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए ₹5–5 लाख, कुल ₹10 लाख तक की सहायता।

पेंशनभोगियों के लिए अलग व्यवस्था

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। उन्हें ₹30 लाख का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और डेबिट कार्ड पर अतिरिक्त ₹10 लाख का कवर मिलेगा। इस तरह कुल ₹40 लाख तक का बीमा लाभ मिलेगा। पात्र खाताधारकों को ऐसे डेबिट कार्ड दिए जाएंगे जिनमें नियमों के अनुसार Amazon Prime की वार्षिक सदस्यता मुफ्त मिलेगी।

नियम और शर्तें लागू

सभी बीमा और अन्य लाभ बैंक और बीमा कंपनी की शर्तों के अनुसार होंगे। लाभ सैलरी स्लैब, खाते के प्रकार और पात्रता पर निर्भर करेंगे। डेबिट कार्ड से जुड़े फायदे संबंधित पार्टनर की शर्तों के तहत मान्य होंगे। कुल मिलाकर, नए साल में SBI की यह पहल संविदाकर्मियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। इससे हजारों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *