मकर संक्रांति पर पतंग की डोर के साथ अपनी ज़िंदगी की डोर बचाएं : अखिलेश कुमार

सड़क सुरक्षा माह के तहत लोगों को किया गया जागरूक
रांची | 15 जनवरी 2026 : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत उपायुक्त रांची श्री मंजुनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार गुरुवार को जिला परिवहन विभाग, रांची द्वारा सड़क सुरक्षा माह के 15वें दिन मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम धुर्वा सेक्टर-2 स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर भारत के पारंपरिक खेल मलखंभ से जुड़े सैकड़ों ग्रामीण खिलाड़ी एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। जिला परिवहन विभाग, रांची एवं रिलेशंस के संयुक्त तत्वावधान में मकर संक्रांति पर्व को उत्साहपूर्वक मनाते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सड़क सुरक्षा अभियंता श्री गौरव कुमार, रिलेशंस के निदेशक श्री आशुतोष द्विवेदी, झारखंड राज्य मलखंभ संघ के सचिव श्री अजय झा तथा बंगीय सांस्कृतिक परिषद उच्च विद्यालय के सचिव श्री सजल बनर्जी उपस्थित रहे।
इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार द्वारा खिलाड़ियों को पतंग, सड़क सुरक्षा संदेश वाली टी-शर्ट एवं भोजन का वितरण किया गया।
अपने संबोधन में श्री अखिलेश कुमार ने कहा कि मकर संक्रांति एक उत्सव का पर्व है, लेकिन इस दौरान विशेष सावधानी बरतना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पतंग उड़ाते समय बिजली के तारों, संकेतों, टीवी-रेडियो एंटेना, सड़कों एवं हवाई अड्डों के आसपास पतंग न उड़ाएं। सड़क के किनारे पतंग उड़ाने से बाइक सवारों और पैदल चलने वालों को मांझे से गंभीर चोट लग सकती है।
उन्होंने लोगों से कांच या नायलॉन के मांझे का उपयोग न करने की अपील की। साथ ही राहगीरों को भी सतर्क रहने को कहा। बाइक चालकों को फुल-फेस हेलमेट पहनने, गर्दन को मोटे कपड़े, स्कार्फ या जैकेट से ढकने, धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी। सड़क पर यदि पतंग की डोर गिरी हो तो तुरंत वाहन रोककर उसे हटाने की अपील भी की गई, ताकि किसी अन्य को चोट न पहुंचे।
उन्होंने खिलाड़ियों को सड़क सुरक्षा मित्र बनने का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने घर, परिवार और पड़ोस में यातायात नियमों के पालन के लिए लोगों को प्रेरित करें। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, नशे में वाहन न चलाने, ओवरस्पीडिंग और मोबाइल फोन के उपयोग से बचने तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही राहवीर योजना के प्रति भी लोगों को जागरूक किया और सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल को अस्पताल पहुंचाने तथा वीडियो या रील न बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मलखंभ खिलाड़ियों ने पोल मलखंभ, रोप मलखंभ एवं पिरामिड के माध्यम से शानदार प्रदर्शन किया और सड़क सुरक्षा संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ ली।
इस अवसर पर जेम्स फील्ड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सोहन कुमार, के.पी. डे, सरिता कुमारी, शुभम सिंह, संजय कुमार, अनुष्का कुमारी, जानवी कुमारी, निखिल कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
यह जानकारी अमन ने दी।
