रांची

मणिपुर में झारखंड के तीरंदाजों का परचम : 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन एक रजत और दो कांस्य पदक झटके

रांची/मणिपुर: मणिपुर के खुमान लम्पक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 14 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता (SGFI) में झारखंड के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर–19 बालक एवं बालिका वर्ग में झारखंड के खिलाड़ियों ने एक रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम किए।

मिक्स्ड टीम इंडियन राउंड (40 मीटर) स्पर्धा में प्रिया महली और घनश्याम जमुड़ा की जोड़ी ने बेहतरीन सामंजस्य और सटीक निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों ने अंतिम दौर तक संघर्ष करते हुए झारखंड को गौरवान्वित किया।

वहीं बालक वर्ग इंडियन राउंड टीम स्पर्धा (40 मीटर) में घनश्याम जमुड़ा, योगेंद्र हेस्सा, सनी हेंब्रम और नितेश मार्डी की टीम ने उत्कृष्ट तालमेल और अनुशासित खेल का परिचय देते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

इसी क्रम में बालिका वर्ग इंडियन राउंड टीम स्पर्धा (40 मीटर) में प्रिया महली, लवली कुमारी, संतोषी राय और सुचिता उरांव की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर झारखंड के पदक खाते में इजाफा किया।

कोचिंग और मार्गदर्शन का दिखा असर

झारखंड की तीरंदाजी टीम इस राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में भाग ले रही है। टीम के साथ गए कोच एवं मैनेजर रोहित कुमार, गंगाधर, ललिता लुगुन, प्रवीण बजराई एवं एचओडी सुशील कच्छप के निरंतर मार्गदर्शन और प्रशिक्षण का सकारात्मक प्रभाव खिलाड़ियों के प्रदर्शन में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

राज्य स्तर पर खुशी की लहर

इस शानदार उपलब्धि पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो राज्य में स्कूली तीरंदाजी के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासकीय पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *