रांची

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर संजय सेठ और बाबूलाल मरांडी ने जताया शोक

रांची, 28 जनवरी । महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के आकस्मिक निधन पर देशभर में शोक की लहर है। इसी क्रम में रांची के सांसद एवं रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तथा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का विमान दुर्घटना में आकस्मिक निधन अत्यंत हृदयविदारक है। उनका प्रशासनिक कौशल, नेतृत्व क्षमता और विकासात्मक दृष्टिकोण महाराष्ट्र की राजनीति में सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि इस दुख और वेदना के पीड़ादायक समय में वे दिवंगत नेता के परिवारजनों एवं समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। अंत में उन्होंने विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

वहीं, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी सोशल मीडिया एक्स पर शोक संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना में असामयिक निधन से वे स्तब्ध हैं। राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अजीत पवार का निधन न केवल महाराष्ट्र, बल्कि पूरे देश के राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुखद विमान हादसे में उनके साथ जान गंवाने वाले अन्य चार लोगों का निधन भी अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *