साहिबगंज डीसी की बड़ी पहल : पहाड़िया गांवों में रोज ओपीडी, एम्बुलेंस पर GPS निगरानी

Sahibganj : जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला डीसी हेमंत सती ने अहम पहल की है। इस पहल के तहत आदिम जनजाति और पहाड़िया समुदाय के लोगों का स्वास्थ्य बेहतर बनाने के लिए संबंधित गांवों में हर दिन ओपीडी सेवा संचालित करने का आदेश दिया गया है।
डीसी ने सभी एम्बुलेंस में GPS सिस्टम लगाने का भी निर्देश दिया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वाहन समय पर संबंधित गांव में पहुंचा या नहीं। इसकी दैनिक रिपोर्ट नोडल पदाधिकारी आयुष के आतिश कुमार को भेजी जाएगी। साथ ही, जिला कंट्रोल रूम से सेवा की निगरानी की जाएगी।
डीसी ने जिले भर की सभी एम्बुलेंस का भौतिक सत्यापन भी कराया। इसमें ओपीडी एम्बुलेंस, कार्डियो एम्बुलेंस और पीएम जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल यूनिट एम्बुलेंस की तकनीकी स्थिति, चिकित्सीय उपकरण, साफ-सफाई और संचालन व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। डीसी ने आवश्यकतानुसार आयुष्मान योजना के तहत एम्बुलेंस की कमी को पूरा करने का भी आदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान सभी एम्बुलेंस के रूट चार्ट की जानकारी भी ली गई। जिला स्वास्थ्य विभाग और डीसी के निर्देश के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में ओपीडी सेवा मिलने से गरीब पहाड़िया समुदाय को राहत मिलेगी। जिले में एम्बुलेंस की कमी पहले से ही चुनौती रही है। 108 सेवा से संचालित एम्बुलेंस उपलब्ध हैं, जबकि जिला स्वास्थ्य विभाग के पास 14 में से केवल 8 वाहन ही संचालित हैं। इसके अलावा, जन-मन योजना के तहत 3 वाहन सेवा में हैं और एक कार्डियो एम्बुलेंस भी ठीक कराकर मंगवाई गई है।
