विश्व योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में झारखंड के रोशन थापा ने जीता स्वर्ण पदक
झारखंड और पूरे देश के खेल जगत के लिए आज का दिन अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में झारखंड के प्रतिभाशाली योगासन खिलाड़ी रोशन थापा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर भारत और झारखंड का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है।
रोशन थापा ने प्रतियोगिता की सीनियर-बी श्रेणी के ट्रेडिशनल इंडिविजुअल इवेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया और विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने अपने अद्भुत शारीरिक संतुलन, लचीलेपन और उत्कृष्ट योगासन कौशल का प्रदर्शन कर निर्णायकों को प्रभावित किया।
इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में 78 देशों के 400 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इतने बड़े मंच पर स्वर्ण पदक जीतना झारखंड और भारत के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। रोशन की इस सफलता से पूरे राज्य में खुशी और उत्साह का माहौल है।
एसोसिएशन ने दी बधाई
रोशन थापा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज तिवारी, सचिव चंदू कुमार, कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह, मुख्य सलाहकार बिपिन पांडे, कुणाल, ब्रजेश सिंह, संतोष शर्मा, डॉ. संतोषी साहू एवं पूजा सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वहीं रांची जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संतोषी साहू, सचिव डॉ. एस. के. घोषाल, कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम प्रकाश तिवारी, कोषाध्यक्ष राहुल सिंह, आर्य प्रहलाद भगत, शंकर राणा, अम्या अंशु, राहुल रंजन, मधु शर्मा एवं ऊषा शर्मा सहित सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त बधाई संदेश जारी करते हुए कहा कि रोशन थापा की यह उपलब्धि झारखंड के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी।
उन्होंने कहा, “विश्व स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर रोशन थापा ने न केवल राज्य बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनकी यह ऐतिहासिक सफलता आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।”
