झारखंडरांची

RIMS News: रिम्स में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘पैलेस्ट्रा’ का आगाज, निदेशक डीके सिन्हा ने किया उद्घाटन

रांची, 2 नवंबर। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में सोमवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘पैलेस्ट्रा’ का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। रिम्स के निदेशक डॉ. डीके सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रोफेसर इंचार्ज स्टूडेंट सेक्शन, सब-डीन, विभिन्न विभागों के फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

खेल से विकसित होते हैं नेतृत्व और अनुशासन के गुण

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. डीके सिन्हा ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक उत्कृष्टता हासिल करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी जरूरी है। खेलकूद से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और धैर्य जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी मजबूत होती है।

उन्होंने सभी विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने और खेल भावना को सर्वोपरि रखने की अपील की।

विभिन्न खेलों और एथलेटिक्स स्पर्धाओं का होगा आयोजन

‘पैलेस्ट्रा’ रिम्स की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता है। इसके तहत विभिन्न खेलों और एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य चिकित्सा विद्यार्थियों के बीच खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करना है।

रिम्स के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) शिशिर कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही संस्थान परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *