Home

IIT ISM Volleyball: पुरुष टीम में 14 और महिला टीम में 12 खिलाड़ियों का चयन, 2 नवंबर से शुरू होगा कैंप

धनबाद, 1 नवंबर। ऑल इंडिया इंटर आईआईटी पुरुष एवं महिला वॉलीबॉल लीग चैंपियनशिप की तैयारियों के तहत आईआईटी आईएसएम की पुरुष एवं महिला वॉलीबॉल टीम के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल आयोजित किया गया। ट्रायल में पुरुष वर्ग के 35 और महिला वर्ग के 21 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

ऑल इंडिया इंटर आईआईटी पुरुष एवं महिला वॉलीबॉल लीग चैंपियनशिप का आयोजन 15 से 21 दिसंबर तक आईआईटी आईएसएम के तत्वावधान में किया जाएगा। आठ दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर की करीब 40 आईआईटी की पुरुष और महिला वॉलीबॉल टीमें भाग लेंगी।

फिटनेस और प्रदर्शन के आधार पर हुआ चयन

दो दिवसीय चयन ट्रायल धनबाद जिला वॉलीबॉल संघ के महासचिव सूरज प्रकाश लाल की देखरेख में संपन्न हुआ। खिलाड़ियों के फिटनेस और खेल प्रदर्शन का आकलन करने के बाद आईआईटी आईएसएम की पुरुष वॉलीबॉल टीम के लिए 14 खिलाड़ियों का चयन किया गया। वहीं महिला टीम में 12 खिलाड़ियों को जगह मिली है।

चयनित खिलाड़ियों के लिए कोचिंग कैंप 2 नवंबर से आईआईटी आईएसएम कैंपस में शुरू होगा। खिलाड़ियों को सुबह और शाम अभ्यास कराया जाएगा, ताकि आगामी इंटर आईआईटी प्रतियोगिता के लिए टीम को तैयार किया जा सके।

स्टाफ वॉलीबॉल टूर्नामेंट के लिए भी टीम चयन

आईआईटी आईएसएम की ओर से आगामी स्टाफ वॉलीबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए भी खिलाड़ियों का चयन किया गया। 25 नवंबर से आईआईटी खड़गपुर में होने वाली स्टाफ वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए 10 स्टाफ वॉलीबॉल खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में आईआईटी आईएसएम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

चयन ट्रायल के दौरान मुख्य चयनकर्ता सूरज प्रकाश लाल के साथ सहायक चयनकर्ता राघव कुमार, रश्मि और नीरज कुमार मौजूद रहे।

दिसंबर में आईआईटी आईएसएम में होगा बड़ा मुकाबला

इंटर आईआईटी वॉलीबॉल लीग चैंपियनशिप की मेजबानी को लेकर आईआईटी आईएसएम में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। देशभर से आने वाली पुरुष और महिला टीमों की भागीदारी से प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *