नवादा में नवाजी गईं रांची की लेखिका अंशिता सिंहा, मिला साहित्यिक सम्मान

Ranchi : रांची की लेखिका अंशिता सिन्हा को हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘स्वर्गीय रामरतन प्रसाद सिंह स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें हिंदी भाषा और साहित्य के संरक्षण व प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह का आयोजन अशोक स्मृति संस्थान और साहित्य प्रेरणा मंच के सहयोग से बिहार के नवादा जिले के सोखोदेवरा में किया गया। यह स्थान लोकनायक जयप्रकाश नारायण की कर्मभूमि के रूप में जाना जाता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अंशिता सिन्हा ने कहा कि जिस धरती पर उनका जन्म हुआ और जहाँ उनका बचपन बीता, उसी स्थान पर सम्मान मिलना उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी साहित्य के माध्यम से अपने क्षेत्र और हिंदी भाषा के विकास के लिए निरंतर प्रयास करती रहेंगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा सदस्य अनिल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ओंकार शर्मा कश्यप ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. उषा सिन्हा सहित देश-विदेश से आए कई साहित्यकार, लेखक और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
आयोजकों ने बताया कि यह सम्मान साहित्य, पत्रकारिता और समाज सेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को दिया जाता है। यह आयोजन दिवंगत पत्रकार और साहित्यकार रत्नाकर भारती की स्मृति में प्रतिवर्ष किया जाता है।
