रांची विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ योग में धूमधाम से मनाया गया आठवां स्थापना दिवस
रांची। रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्कूल ऑफ योग विभाग का आठवां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभाग के निदेशक डॉ. सुनील कुमार ने विभाग की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अंजेश कुमार (विवेकानंद केंद्र) रहे। उन्होंने स्कूल ऑफ योग की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विभाग की सराहना की और विद्यार्थियों को आशीर्वचन प्रदान किया। उन्होंने योग शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि योग न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह जीवन को संतुलित और सकारात्मक दिशा भी प्रदान करता है।
इस अवसर पर जिला स्तरीय युवा महोत्सव एवं रांची विश्वविद्यालय की विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभाग के सभी शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि स्कूल ऑफ योग में एम.एससी. योगिक साइंस (दो वर्षीय) एवं पीजी डिप्लोमा इन योग (एक वर्षीय) पाठ्यक्रमों के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी www.schoolofyogaru.in पर लॉगिन कर सकते हैं।
