7 जनवरी तक रांची-सासाराम ट्रेन रद्द… जानें क्यों

Ranchi : रांची रेल मंडल के रांची–लोहरदगा–टोरी रेलखंड पर नगजुआ और लोहरदगा स्टेशन के बीच कोयल नदी पर बने पुल में दरार आ जाने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। पुल संख्या 115 के पिलर संख्या 4 और 5 के बीच दरार पाई गई है, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से इस खंड पर चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
इस स्थिति को देखते हुए रांची रेल मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों के संचालन में बदलाव करने का निर्णय लिया है। कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग को बदला गया है। रांची से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 12453 सहित अन्य ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ने की संभावना है।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेल मंडल यह प्रयास कर रहा है कि लोहरदगा की ओर जाने वाली ट्रेनों को नगजुआ स्टेशन के बजाय इरगांव स्टेशन तक चलाया जाए। इरगांव से लोहरदगा की दूरी लगभग 8 किलोमीटर है, जबकि नगजुआ से लोहरदगा की दूरी करीब 20 किलोमीटर है। इससे यात्रियों को कम दूरी तय करनी होगी और उन्हें लोहरदगा पहुंचने में कम परेशानी होगी।
इसके साथ ही रेल प्रशासन इरगांव से लोहरदगा तक यात्रियों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रहा है। इसके लिए झारखंड सरकार से अनुरोध किया जाएगा। रेल मंडल ने कहा है कि यह सभी कदम यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाए गए हैं। पुल की मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही इस रेलखंड पर सामान्य परिचालन बहाल किया जाएगा।
