रांची

ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल टूर्नामेंट 2025-26 का रांची में भव्य शुभारंभ

बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में उद्घाटन, 5 से 11 जनवरी तक चलेंगे मुकाबले

रांची : रांची विश्वविद्यालय की मेजबानी में ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल (MEN) टूर्नामेंट 2025-26 का भव्य उद्घाटन रविवार को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में किया गया। यह प्रतिष्ठित अंतर-विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता 5 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें पूर्वी क्षेत्र की विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

उद्घाटन समारोह में रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी टीमों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि फुटबॉल केवल जीत-हार का खेल नहीं है, बल्कि यह टीम वर्क, अनुशासन और खेल भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता का आनंद लें।

उद्घाटन कार्यक्रम में प्रो. विशाल बन्ने ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल से सकारात्मक अनुभव लेने और आपसी भाईचारे को बढ़ाने का संदेश दिया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, रांची विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स को-ऑर्डिनेटर राजेश गुप्ता को भी खेलों के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहु ने उपस्थित सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों का स्वागत करते हुए नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की।

उद्घाटन समारोह की शुरुआत परफॉर्मिंग एंड फाइन आर्ट्स विभाग के छात्रों द्वारा राष्ट्रगान और कुलगीत के सामूहिक गायन से हुई। इसके पश्चात डोरंडा कॉलेज की छात्राओं ने रंगारंग स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि योग विभाग के छात्रों ने फ्री फ्लो योगा का आकर्षक प्रदर्शन कर दर्शकों की सराहना बटोरी।

इसके बाद सभी भाग लेने वाली टीमों ने अपने-अपने खिलाड़ियों और ध्वजों के साथ स्टेडियम में भव्य परेड निकाली, जिसने समारोह को और भी यादगार बना दिया। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी डायरेक्टर वोकेशनल डॉ. स्मृति सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डीएसडब्ल्यू डॉ. सुदेश कुमार साहु ने प्रस्तुत किया।

उद्घाटन समारोह में कुलपति डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह के साथ रजिस्ट्रार डॉ. गुरूचरण साहु, प्रोक्टर डॉ. मुकुंद चंद्र मेहता, विभिन्न विभागाध्यक्ष, संकायाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच तिलका मांझी विश्वविद्यालय, भागलपुर और वेस्ट बंगाल यूनिवर्सिटी के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *