मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से रांची प्रेस क्लब प्रतिनिधिमंडल की शिष्टाचार मुलाकात,मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में आने का दिया निमंत्रण
रांची: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज रांची प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को रांची प्रेस क्लब द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 के अंतर्गत 16 फरवरी 2026 को होने वाले फाइनल मैच में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रण पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को टूर्नामेंट के उद्देश्य और इसकी महत्ता की जानकारी देते हुए बताया कि मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट पत्रकारों के बीच खेल भावना, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति से खिलाड़ियों और आयोजकों का उत्साह और बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने रांची प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए पत्रकारों के बीच खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को सकारात्मक बताते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि आपसी समन्वय और एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर रांची प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष श्री विपिन उपाध्याय, सचिव श्री अभिषेक सिन्हा, सह-सचिव श्री चंदन भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष श्री कुबेर सिंह, कार्यसमिति सदस्य श्री निर्भय कुमार, श्री संतोष सिन्हा, श्री सौरभ शुक्ला और श्री अमित कुमार उपस्थित थे।
मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच पत्रकारों के बीच खेल प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करेगा।
