Home

रांची नगर निगम का अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन, हरमू बाईपास से अरगोड़ा तक चला विशेष अभियान

रांची। रांची नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को हरमू बाईपास स्थित डीपीएस चौक से डिप्टी पुल होते हुए अरगोड़ा तक विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे अवैध विज्ञापन होर्डिंग हटाए गए तथा बिना अनुमति विज्ञापन लगाने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

अवैध दुकानें और गुमटियां हटाईं, कई को नोटिस

सहायक नगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम की इंफोर्समेंट टीम ने सड़क, फुटपाथ, नदी किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित करीब 15 दुकानों को नोटिस जारी किया गया, जबकि पांच गुमटियां और ठेले जब्त किए गए। साथ ही सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने का प्रयास किया गया।

नदी किनारे बने आठ अवैध ढांचे किए ध्वस्त

अभियान के तहत अरगोड़ा नदी और डिप्टी पुल के समीप नदी किनारे बने आठ अवैध अस्थायी ढांचों को हटाया गया। निगम अधिकारियों ने बताया कि जलाशयों और नदी के कैचमेंट क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त रखने तथा प्राकृतिक जल प्रवाह को बाधित होने से बचाने के लिए यह कार्रवाई की गई।

बर्ड हिट के खतरे को देखते हुए हटाई गई अवैध मीट दुकान

कार्रवाई के दौरान अरगोड़ा नदी के पास संचालित एक अवैध मीट दुकान को भी हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार दुकान से निकलने वाले मीट के अवशेष नदी किनारे फेंके जाने से बड़ी संख्या में पक्षियों का जमावड़ा लग रहा था, जिससे निकटवर्ती हवाई क्षेत्र में विमान संचालन के दौरान बर्ड हिट की आशंका बढ़ रही थी। इसी कारण आसपास की अन्य अवैध दुकानों और अस्थायी शेड को भी हटाया गया।

अभियान रहेगा लगातार जारी

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण, अवैध निर्माण और बिना अनुमति संचालित गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। निगम ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने और नियमों का पालन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *