206वें श्री श्याम भंडारे में उमड़ी भक्तों की भीड़, श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया महाप्रसाद
रांची। हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से शनिवार को 206वें श्री श्याम भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा श्री श्याम के दर्शन किए और महाप्रसाद ग्रहण किया। इस बार भंडारे का आयोजन महेश भाला, सभ्यता भाला, रूपेश-श्वेता, प्रथम, गीतांजलि एवं दिव्य भाला परिवार की ओर से समर्पित किया गया।
भोग-आरती और भजनों से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
भंडारे की शुरुआत बाबा श्री श्याम को विधिवत भोग अर्पित कर की गई। मंडल के निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश सरावगी, निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक लड़िया, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा तथा भाला परिवार ने संयुक्त रूप से “आओ-आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी” भजन प्रस्तुत कर भक्तिमय वातावरण बनाया। इसके बाद महाप्रसाद अर्पित कर मंदिर के आचार्यों को भोजन कराया गया।
गौशाला भेजा गया भंडारे का भोग, लंबी कतारों में पहुंचे श्रद्धालु
परंपरा के अनुसार भंडारे का एक भाग गौशाला में गौमाता के लिए भेजा गया। मंदिर परिसर और हरमू रोड पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। “खाटू नरेश की जय” और “श्री गणेश महाराज की जय” के जयघोष के बीच प्रसाद वितरण प्रारंभ हुआ। श्रद्धालुओं को वेजिटेबल पुलाव, आलू-गोभी, कद्दू मिक्स सब्जी, केसरिया जलेबी और खीर-चूरमा का महाप्रसाद वितरित किया गया।
50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने संभाली व्यवस्था
भंडारे के सफल आयोजन में अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, अशोक लड़िया, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्यामसुंदर शर्मा सहित यजमान परिवार और मंडल के 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया। मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की सेवा और धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के उद्देश्य से श्री श्याम भंडारे का आयोजन नियमित रूप से किया जाता है।
