खेल

चिरिपाल अहमदाबाद स्क्वैश ओपन में रांची क्रॉस कोर्ट का शानदार प्रदर्शन

आध्या बुधिया और वेदांत अग्रवाल बने चैंपियन

अहमदाबाद। 28 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित चिरिपाल अहमदाबाद स्क्वैश ओपन 2026 में रांची क्रॉस कोर्ट के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किए और राष्ट्रीय स्तर पर रांची का नाम रोशन किया।

महिला वर्ग में रांची क्रॉस कोर्ट की 14 वर्षीय आध्या बुधिया ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में उनके आत्मविश्वास और तकनीकी कौशल की खूब सराहना हुई। उनकी यह उपलब्धि देशभर की उभरती युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत मानी जा रही है।

अंडर-15 बालक वर्ग में वेदांत अग्रवाल ने भी पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने फाइनल मुकाबले सहित सभी मैचों में सधी हुई रणनीति और आक्रामक खेल का परिचय दिया।

जूनियर वर्ग में भी रांची क्रॉस कोर्ट के खिलाड़ियों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अंडर-11 बालिका वर्ग में अनायसा साहू ने तीसरा/चौथा स्थान, जबकि अंडर-13 बालिका वर्ग में अविषा अग्रवाल ने भी तीसरा/चौथा स्थान हासिल कर संस्था की उपलब्धियों में इजाफा किया।

पुरुष वर्ग में प्रियांशु कुमार ने कड़े मुकाबलों में दमदार खेल दिखाते हुए तीसरा/चौथा स्थान प्राप्त किया।

इस शानदार प्रदर्शन के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और कोचों के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही। सफलता पर रांची क्रॉस कोर्ट की संस्थापक श्वेता बुधिया सहित संस्था के सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *