रांची

रांची : झारखंड शराब घोटाला मामले में ACB की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी नवीन केडिया गोवा से गिरफ्तार

झारखंड में सामने आए बहुचर्चित शराब घोटाले के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को बड़ी सफलता मिली है। ACB की टीम ने इस मामले के प्रमुख आरोपी नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार कर लिया है। केडिया छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद ACB उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाने की तैयारी कर रही है। रांची पहुंचते ही उसे संबंधित कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से रिमांड लेकर उससे गहन पूछताछ की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, नवीन केडिया लंबे समय से ACB की नजर में था और जमानत नहीं मिलने के बाद से फरार चल रहा था। इससे पहले ACB ने उसे पूछताछ के लिए कई बार नोटिस भेजकर तलब किया था, लेकिन वह लगातार जांच एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ। इसके बाद केडिया ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने सुनवाई के बाद खारिज कर दिया था। जमानत याचिका खारिज होने के बाद से ही ACB उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।

ACB को गुप्त सूचना मिली थी कि नवीन केडिया गोवा में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन किया गया और सुनियोजित तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे गोवा से गिरफ्तार कर लिया गया। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान शराब घोटाले से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।

बताया जा रहा है कि इस घोटाले में सरकारी अधिकारियों, शराब कारोबारियों और अन्य बिचौलियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। ACB की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और एजेंसी की नजर अब अन्य आरोपियों पर भी टिकी हुई है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

फिलहाल ACB पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और शराब घोटाले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *