रामगढ़ में संगठित अपराध पर पुलिस का शिकंजा, दो कुख्यात अपराधियों पर सीसीए के तहत कार्रवाई
तीन महीने तक हर सप्ताह थाने में लगानी होगी हाजिरी, लाइसेंसी हथियार भी जमा कराने का आदेश
रामगढ़, 14 नवंबर। जिले में संगठित अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रामगढ़ पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (सीसीए), 2002 के तहत दोनों अपराधियों पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के न्यायालय ने यह आदेश पारित किया है।
सीसीए की धारा 3(3)(b)(i), (ii) एवं (iii) के तहत जारी आदेश के अनुसार, पतरातू थाना क्षेत्र के रोचाप निवासी दिलावर खान उर्फ दिलावर अंसारी, पिता स्वर्गीय गुलाम नवी और रिवर साइड, भुरकुंडा निवासी रिंकु सिंह उर्फ राजेंद्र कुमार, पिता बसावन सिंह को अगले तीन महीने तक प्रत्येक सप्ताह एक दिन संबंधित थाने में उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज करानी होगी।
लाइसेंसी हथियार तत्काल जमा कराने का निर्देश
जिला प्रशासन ने दोनों अपराधियों पर निगरानी और नियंत्रण के लिए अतिरिक्त शर्तें भी लागू की हैं। आदेश के मुताबिक, यदि दोनों के पास कोई लाइसेंसी हथियार है, तो उसे तत्काल संबंधित थाने में जमा कराना होगा। सीसीए की निर्धारित अवधि के दौरान वे किसी भी परिस्थिति में अपने पास हथियार नहीं रख सकेंगे।
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने या निर्धारित शर्तों का पालन नहीं करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम, 2002 की धारा 25 सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अपराधियों की गतिविधियों पर पुलिस की नजर
रामगढ़ पुलिस के अनुसार, जिले में संगठित आपराधिक गिरोहों, आपराधिक गतिविधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल अपराधकर्मियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। आम नागरिकों की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और जिला प्रशासन समन्वय के साथ कार्रवाई कर रहे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
