झारखंडरांची

झारखंड में 17 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा की संभावना, येलो अलर्ट जारी

रांची, 13 जुलाई । झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में 17 जुलाई तक गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 14 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 34.5 मिलीमीटर वर्षा रामगढ़ में दर्ज की गई। वहीं, सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 36.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे, हालांकि बारिश नहीं हुई। दिनभर उमस और गर्मी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 34.4 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 डिग्री और न्यूनतम 26.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.5 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *