Home

झारखंड के जेल आईजी सुदर्शन मंडल को पड़ा हार्ट अटैक, अस्पताल में भर्ती

रांची, 13 जुलाई: झारखंड कैडर के 2006 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी एवं वर्तमान जेल महानिरीक्षक (आईजी) सुदर्शन मंडल की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के कोकर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

परिजनों के अनुसार, स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कर उपचार शुरू किया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, जांच में उन्हें हार्ट अटैक (दिल का दौरा) आने की पुष्टि हुई है।

अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आवश्यक जांच और उपचार जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति पर चिकित्सक लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

सुदर्शन मंडल झारखंड कैडर के 2006 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह राज्य के जेल महानिरीक्षक (आईजी) के पद पर कार्यरत हैं। अपने सेवा काल में उन्होंने झारखंड के विभिन्न जिलों और पुलिस मुख्यालय में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं तथा एक कुशल और अनुभवी पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी पहचान बनाई है।

उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए प्रशासनिक और पुलिस महकमे के अधिकारी लगातार अस्पताल से उनकी स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *