Home

JPSC परीक्षा के लिए रेलवे का खास इंतजाम, रांची से पटना और डीडीयू के लिए स्पेशल ट्रेनें

Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रारंभिक परीक्षा को देखते हुए परीक्षार्थियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। रविवार, 19 अप्रैल को रांची से पटना और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

रांची से डीडीयू के लिए स्पेशल ट्रेन

पहली स्पेशल ट्रेन रांची से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के लिए चलाई जा रही है। यह ट्रेन रास्ते में लोहरदगा, टोरी, लातेहार, गढ़वा रोड, डेहरी ऑन सोन और सासाराम स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में कुल 10 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 8 जनरल और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

रांची से पटना के लिए दूसरी स्पेशल ट्रेन

दूसरी स्पेशल ट्रेन रांची से पटना के लिए चलाई जा रही है। यह ट्रेन शाम 6:45 बजे रांची से खुलेगी और अगले दिन सुबह 6:00 बजे पटना पहुंचेगी। इस ट्रेन के प्रमुख ठहराव मुरी, बोकारो स्टील सिटी, गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया और जहानाबाद स्टेशनों पर होंगे। इसमें कुल 12 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 10 जनरल और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

परीक्षार्थियों को मिलेगी राहत

रेलवे के इस फैसले से JPSC परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों परीक्षार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर उन अभ्यर्थियों को, जो दूसरे जिलों या राज्यों से परीक्षा देने के लिए यात्रा कर रहे हैं।

भीड़ नियंत्रण के लिए उठाया गया कदम

परीक्षा के दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है। इससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सकेगी।

समय पर यात्रा करने की अपील 

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचें और यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, ताकि सभी को सुगम यात्रा का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *