Home

झारखंड में कैंसर जांच-इलाज का नेटवर्क तैयार : DPR में अनिवार्य हुआ रेडिएशन सेंटर

Ranchi : झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब राज्य के सभी सदर अस्पतालों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कैंसर जांच और इलाज की आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस संबंध में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने निर्देश जारी कर दिए हैं।

अस्पतालों में अनिवार्य होंगी आधुनिक सुविधाएं

सरकार के निर्देश के अनुसार, अब अस्पतालों में रेडिएशन सेंटर, एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी सुविधाओं के लिए पर्याप्त जगह और जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा। इसके लिए अस्पतालों के निर्माण और उन्नयन कार्यों में विशेष प्रावधान किए जाएंगे, ताकि भविष्य में मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।

डीपीआर में शामिल होगा रेडिएशन सेंटर

अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के निर्देश पर संयुक्त सचिव ने झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि अस्पतालों के लिए तैयार हो रही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) में रेडिएशन सेंटर के लिए स्थान अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।

आधुनिक मशीनों के लिए विशेष व्यवस्था

विभाग ने स्पष्ट किया है कि लीनियर एक्सीलेरेटर जैसे आधुनिक उपकरणों की स्थापना के लिए तकनीकी मानकों के अनुसार रेडिएशन बंकर बनाना जरूरी होगा। साथ ही एमआरआई और सीटी स्कैन यूनिट के लिए भी पर्याप्त जगह सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि भविष्य में सेवाओं का विस्तार आसानी से किया जा सके।

कंसल्टेंट्स को दिए गए निर्देश

झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड को निर्देश दिया गया है कि वह अपने सभी कंसल्टेंट्स को मौजूदा और प्रस्तावित डीपीआर में जरूरी संशोधन करने के लिए निर्देश जारी करे।

जिला स्तर पर मिलेगा इलाज

सरकार का लक्ष्य है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज जिला स्तर पर ही उपलब्ध कराया जाए। इससे मरीजों को बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय पर इलाज मिल सकेगा।

अधिकारियों को भेजा गया आदेश

यह निर्देश सभी मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों, अस्पताल अधीक्षकों और जिलों के सिविल सर्जनों को भेज दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द इस पर अमल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *