Home

राहुल गांधी झारखंड दौरे पर, 6 अगस्त को चाईबासा कोर्ट में होंगे पेश


रांची, 5 अगस्त – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंच रहे हैं। यह दौरा राजनीतिक और न्यायिक दोनों ही दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।

6 अगस्त को उन्हें चाईबासा की विशेष अदालत में एक मानहानि मामले में सशरीर पेश होना है, जो साल 2018 में बीजेपी नेता अमित शाह पर की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है।


दौरे का शेड्यूल

झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि राहुल गांधी मंगलवार (6 अगस्त) को दोपहर 2 बजे रांची पहुंचेंगे। वहां से वे गुरुजी शिबू सोरेन के अंतिम दर्शन के लिए नेमरा भी जा सकते हैं।

इसके बाद वे रांची में रात रुकेंगे और बुधवार को हेलीकॉप्टर से चाईबासा रवाना होंगे। हालांकि, मौसम खराब होने की स्थिति में कार्यक्रम में बदलाव संभव है।


मानहानि मामले की पृष्ठभूमि

यह मामला 28 मार्च 2018 को कांग्रेस के एक कार्यक्रम में राहुल गांधी द्वारा बीजेपी नेता अमित शाह के खिलाफ की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है। इस पर बीजेपी नेता प्रताप कटियार ने चाईबासा की सीजीएम अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया था।

अदालत ने राहुल गांधी को सशरीर पेश होने का आदेश दिया था। इस दौरान उनके खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था। इसके विरोध में उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन हाईकोर्ट ने भी 6 अगस्त को पेशी का निर्देश दिया।

पहले यह पेशी 26 जून को तय थी, जिसे राहुल गांधी के अधिवक्ता के आग्रह पर आगे बढ़ाया गया।


कांग्रेस का निर्देश: कोर्ट में भीड़ से बचें

कांग्रेस ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि कोर्ट में राहुल गांधी की पेशी के दौरान भीड़ न जुटाएं। पार्टी का मानना है कि मामला न्यायिक प्रकिया का हिस्सा है और इसमें शांति और गरिमा बनाए रखना जरूरी है

इस दौरान राहुल गांधी के साथ प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, और राजेश ठाकुर भी उपस्थित रह सकते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *