बिहार

राबड़ी देवी ने महिला शिक्षकों के गृह जिले में ट्रांसफर की मांग की, शिक्षा मंत्री ने दिया आश्वासन

विधान

Patna : बिहार विधान परिषद में शुक्रवार को महिला शिक्षकों के तबादले और अवकाश से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने महिला शिक्षकों के गृह जिले में स्थानांतरण की मांग उठाई।

महिला शिक्षकों के गृह जिले में ट्रांसफर की मांग

राबड़ी देवी ने कहा कि महिला शिक्षकों का तबादला दूर-दराज जिलों में होने से उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने शिक्षा मंत्री सुनील कुमार से आग्रह किया कि सभी महिला शिक्षकों को उनके गृह जिले में ही ट्रांसफर किया जाए। इस पर शिक्षा मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि महिला शिक्षकों के स्थानांतरण पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

730 दिनों का शिशु देखभाल अवकाश

सदन में महिला कर्मियों को 730 दिनों का शिशु देखभाल अवकाश देने का मुद्दा भी उठाया गया। माले एमएलसी संजय कुमार सिंह ने इस पर जोर देते हुए कहा कि यह अवकाश महिला शिक्षकों के लिए बेहद जरूरी है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बताया कि सरकार इस मामले पर गंभीर है और अगले 15 दिनों के भीतर इस पर निर्णय लिया जाएगा।

मातृत्व अवकाश के दौरान वेतन भुगतान

राजद के डॉ. सुनील कुमार सिंह ने मातृत्व अवकाश के दौरान वेतन भुगतान का मुद्दा उठाया। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि नियम में बदलाव कर दिया गया है। अब महिला शिक्षकों को मातृत्व अवकाश के दौरान हर महीने नियमित वेतन मिलेगा। पहले यह भुगतान अवकाश समाप्त होने के बाद होता था। मंत्री ने स्पष्ट किया कि मातृत्व अवकाश के साथ चिकित्सा अवकाश समेत अन्य देय भुगतान भी समय पर किए जाएंगे।

शिक्षकों को उम्मीद

सदन में हुई चर्चा के बाद महिला शिक्षकों में उम्मीद जगी है कि अब उनके तबादले, शिशु देखभाल और मातृत्व अवकाश से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र और सकारात्मक निर्णय होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *