मंईयां सम्मान योजना के पोर्टल की तकनीकी गड़बड़ियों पर उठे सवाल

पश्चिमी सिंहभूम, 24 जुलाई । मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के ऑनलाइन पोर्टल में आ रही तकनीकी खामियों के कारण पश्चिमी सिंहभूम जिले की हजारों महिला लाभुकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए शुक्रवार को कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने महिला, बाल विकास विभाग के सचिव को उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन भेजकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
त्रिशानु राय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चल रहे भौतिक सत्यापन अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लाभुकों के विवरण पोर्टल पर त्रुटिपूर्ण पाए गए हैं। कई महिलाओं के नाम, पिता या पति का नाम, आधार संख्या, राशन कार्ड संख्या, जन्मतिथि, बैंक खाता संख्या, बैंक का नाम और आईएफएससी कोड जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां गलत दर्ज हैं। कुछ मामलों में लाभुकों के नाम की जगह विशेष चिन्ह दिखाई दे रहे हैं, जिससे सत्यापन प्रक्रिया बाधित हो रही है। वहीं कई पात्र महिलाओं का नाम अस्थायी रूप से पोर्टल से गायब होने की शिकायत भी सामने आई है।
उन्होंने कहा कि प्रभावित महिलाएं आवश्यक दस्तावेजों के साथ लगातार प्रखंड कार्यालयों का चक्कर लगा रही हैं और त्रुटियों के सुधार के लिए आवेदन दे रही हैं। हालांकि पोर्टल में संशोधन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी भी रिकॉर्ड में सुधार नहीं कर पा रहे हैं। इस वजह से हजारों पात्र लाभुकों के योजना का लाभ मिलने पर अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।
त्रिशानु राय ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि पोर्टल में सभी आवश्यक जानकारियों के संशोधन की तकनीकी सुविधा शीघ्र शुरू की जाए। साथ ही अधिकृत जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को दस्तावेजों और भौतिक सत्यापन के आधार पर त्रुटियों को सुधारने का अधिकार दिया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि तकनीकी या डाटा प्रविष्टि की गलती के कारण योजना से बाहर हुए पात्र लाभुकों को दोबारा योजना से जोड़ने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसलिए केवल तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी पात्र महिला को इस योजना के लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए और सरकार को इस समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
