रांची

पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्याें काे किया गिरफ्तार

हजारीबाग, 24 जुलाई । जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान गिरोह का एक सदस्य पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। मौके से एक देसी पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और एक चोरी की बाइक भी बरामद की गई।

शुक्रवार को एसपी अमन कुमार ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि केरेडारी थाना क्षेत्र के बुकरू गांव के जंगल में राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अमित आनन्द बड़कागांव के नेतृत्व में केरेडारी और पगार थाना पुलिस एवं तकनीकी तथा संगठित अपराध शाखा की संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

शुक्रवार तड़के सुबह बुकरू गांव के जंगल के पास पुलिस ने दो संदिग्धों को बाइक से आते देखा। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे। पीछा करने के दौरान बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद एक अपराधी ने पुलिस पर लगातार फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान मो रागिब अफजल और जितेंद्र सोनी (चट्टीबरियातू, केरेडारी) के रूप में हुई है।

पूछताछ में दोनों ने स्वयं को राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले ट्रांसपोर्टिंग रोड पर कार्यरत कंपनी के कर्मचारियों को धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से राहुल दुबे गिरोह के कहने पर गोलीबारी की थी। घायल आराेपित मो रागिब अफजल को इलाज के लिए बड़कागांव अस्पताल भेजा गया। उसके बाद हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में ईलाज कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *