श्री श्याम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया पुत्रदा एकादशी उत्सव
रांची, अग्रसेन पथ – दिनांक 5 अगस्त 2025 को अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में पुत्रदा एकादशी उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला।
सुबह श्री श्याम बाबा को नवीन बागा वस्त्र पहनाकर स्वर्ण आभूषणों से अलंकृत किया गया। गुलाब, रजनीगंधा, जरबेरा, गुलदाऊदी, बेला, गेंदा आदि पुष्पों से अत्यंत आकर्षक श्रृंगार किया गया। साथ ही मंदिर में विराजमान शिव परिवार एवं बजरंगबली का भी विशेष श्रृंगार कर पूजा अर्चना की गई।
सांझ को पावन ज्योत व भक्तिभाव
रात्रि 9 बजे पावन ज्योत प्रज्वलित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर आहुति अर्पित की और अपनी मनोवांछित कामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
इसके पश्चात श्री श्याम मंडल के सदस्यों द्वारा गणेश वंदना के साथ सांगीतिक संकीर्तन प्रारंभ हुआ। भक्तगण निम्नलिखित भजनों पर झूमते और भक्ति रस में डूबते नज़र आए:
- आयो सांवलियो सरकार
- हमें तो जो भी दिया श्याम बाबा ने दिया
- दरबार है निराला खाटू के श्याम का
- खाटू को श्याम रंगीलो रे
- किस्मत वालों को मिलता है श्याम तेरा दरबार
भोग और प्रसाद
श्री श्याम प्रभु को शुद्ध घी में बने बूंदी लड्डू, केसरिया पेड़ा, बादाम बर्फी, रबड़ी, चूरमा, एवं विभिन्न प्रकार के फल और मेवा का भोग अर्पित किया गया। रात्रि 12 बजे महाआरती के साथ प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने वाले मुख्य सहयोगी
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में चंद्र प्रकाश बागला, धीरज बंका, गोपी किशन ढांढनीयां, अमित जालान, प्रदीप अग्रवाल, प्रियांश पोद्दार, विकाश पाड़िया, राजेश सारस्वत, ज्ञान प्रकाश बागला, विवेक ढांढनीयां, नितेश केजरीवाल का विशेष सहयोग रहा।
नोट: कल द्वादशी के अवसर पर सायं 6:30 बजे श्री श्याम प्रभु को खीर-चूरमा का भोग अर्पित कर मंदिर परिसर से ही भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।
