लंबित छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर विरोध तेज, सड़क पर उतरे भाजयुमो कार्यकर्ता

Ranchi : रांची में लंबित छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर विरोध तेज हो गया है। पिछले दो वर्षों से राज्य के लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिली है। इसी मुद्दे पर 16 दिसंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक अर्थी जुलूस निकाला और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अल्बर्ट एक्का चौक पर कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला भी फूंका।
इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि छात्र परेशान हैं, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है। सरकार तकनीकी कारण बताकर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
इस मौके पर महानगर भाजपा नेता वरुण साहू ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दो साल से लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति नहीं मिली है, जबकि सरकार सिर्फ बहाने बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाओं के नाम पर पैसों का इधर-उधर इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार को चाहिए कि सभी तकनीकी समस्याएं दूर कर छात्रों को जल्द भुगतान करे, नहीं तो आंदोलन और तेज होगा।
