रामनवमी की तैयारी तेज, नंद किशोर सिंह चंदेल 10वीं बार बने केंद्रीय युवा महावीर मंडल के अध्यक्ष

Ranchi : रामनवमी पर्व को लेकर केंद्रीय युवा महावीर मंडल की बैठक रविवार दोपहर 2 बजे भुतहा तालाब स्थित श्री चैती दुर्गा पूजा मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में मंडल के सदस्यों ने सर्वसम्मति से नंद किशोर सिंह चंदेल को दसवीं बार अध्यक्ष चुना। इस मौके पर रामनवमी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तय की गई और नई कमेटी की घोषणा भी की गई। बैठक के दौरान मंडल के पदाधिकारियों ने अष्टमी और नवमी के दिन होने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की। सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं ताकि आयोजन को सफल बनाया जा सके।
बैठक के बाद अध्यक्ष नंद किशोर सिंह चंदेल ने हर साल की तरह इस बार भी चुने गए पदाधिकारियों और सदस्यों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस वर्ष रामनवमी के कार्यक्रम को और भी भव्य और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अल्बर्ट एक्का चौक के पास मंडल का भव्य मंच तैयार किया जाएगा। सप्तमी के दिन श्रीराम भक्तों के बीच भगवान श्रीराम का झंडा वितरण किया जाएगा।

अष्टमी के दिन संध्या 6 बजे राज्यसभा सांसद महुआ माजी के द्वारा मंच का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद शहर के विभिन्न इलाकों से आने वाली झांकियों का स्वागत किया जाएगा। साथ ही पूजा समितियों के अध्यक्ष और पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया जाएगा। झांकियों के प्रदर्शन के बाद रात में प्रथम, द्वितीय और तृतीय सहित अन्य श्रेणियों में पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। नवमी के दिन दोपहर 2 बजे से गुजरने वाली सभी शोभायात्राओं का स्वागत फूल, अंगवस्त्र, फल, मिनरल वाटर, बिस्किट, टॉफी और जूस देकर किया जाएगा।
मंडल के अध्यक्ष नंद किशोर सिंह चंदेल ने कहा कि केंद्रीय युवा महावीर मंडल हर साल पूरे शहर में सबसे अधिक आमंत्रण कार्ड वितरित करता है। इसके साथ ही शहर में सबसे बड़ा मंच तैयार किया जाता है और झांकियों के लिए बड़े पुरस्कार भी दिए जाते हैं। रामनवमी के अवसर पर शहर में बैनर और पोस्टर लगाकर श्रीराम भक्तों के बीच धार्मिक और सामाजिक संदेश देने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय युवा महावीर मंडल शहर की युवाओं की सबसे बड़ी पूजा समिति है, जो पूरे वर्ष सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय रहती है।
नई कमेटी के प्रमुख पदाधिकारी इस प्रकार हैं
नेतृत्वकर्ता – राज्यसभा सांसद महुआ माजी
अध्यक्ष – नंद किशोर सिंह चंदेल
मुख्य संरक्षक – विनय सरावगी
मुख्य संयोजक – उज्जवल सिन्हा, संजय पांडेय, लखन कुमार
वरिष्ठ संयोजक – शंकर दूबे, ललित ओझा, सोमवित माजी
मुख्य आयोजक – कुमार राजा, दीपू सिंह, अखिलेश राय
मुख्य सलाहकार – विनय सिंह, विक्रम सिंह सोनू
कोषाध्यक्ष – कविता वर्मा
