खेलरांची

50वीं सब जूनियर व जूनियर राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी, उद्घाटन 27 दिसंबर को

  •  अरुणाचल, असम, त्रिपुरा, मेघालय व सिक्किम की टीमें पहुंचीं रांची
  •  27 राज्यों के 950 प्रतिभागी व तकनीकी अधिकारी लेंगे भाग

रांची। झारखंड योग एसोसिएशन एवं श्री अरविंदो सोसायटी, हेसल ब्रांच (रांची) के संयुक्त तत्वावधान में तथा योग फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशन में गोल्डन जुबली 50वीं सब जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन राजधानी रांची में किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 से 30 दिसंबर तक रातू रोड स्थित श्री रतनलाल जैन स्मृति भवन परिसर में आयोजित होगी। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।

 प्रतियोगिता स्थल व आवासीय स्थलों का निरीक्षण

आयोजन समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह, महासचिव आदित्य कुमार सिंह एवं प्रतियोगिता निदेशक संजय कुमार झा के नेतृत्व में प्रतियोगिता स्थल एवं प्रतिभागियों के आवासीय स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।

 8 से 18 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी लेंगे भाग

आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष पंकज प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता में 8 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग लेंगे। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 27 राज्यों से लगभग 950 प्रतिभागी एवं तकनीकी अधिकारी शामिल होंगे।

 पूर्वोत्तर राज्यों की टीमें पहुंचीं रांची

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अरुणाचल प्रदेश, असम, त्रिपुरा, मेघालय एवं सिक्किम की टीमें रांची पहुंच चुकी हैं। अन्य राज्यों की टीमें भी निर्धारित समय पर रांची पहुंचेंगी।

 छह आयु वर्गों में होंगी प्रतियोगिताएं

झारखंड योग संघ के महासचिव आदित्य कुमार सिंह ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को छह आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। प्रतियोगिता में पारंपरिक योगासन के साथ-साथ आर्टिस्टिक योग, रिदमिक योग एवं फ्री फ्लो योग की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

 आवास की समुचित व्यवस्था

संघ के सीईओ संजय कुमार झा ने बताया कि प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था रानी सती मंदिर परिसर धर्मशाला, दिगंबर जैन भवन एवं रतनलाल जैन समिति भवन में की गई है।

 मार्च-पास्ट के साथ होगा उद्घाटन

27 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे प्रतियोगिता का शुभारंभ मार्च-पास्ट के साथ किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के दौरान 50 किलोग्राम का केक काटा जाएगा, साथ ही योग प्रदर्शन एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

 निरीक्षण व बैठक में ये रहे उपस्थित

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारियों के साथ डॉ. महेंद्र कुमार राज, डॉ. कौशिक दत्ता, डॉ. कृष्ण कुमार राय, डॉ. रूपम कुमारी, अमरेंद्र कुमार विकल, कुमारी सृजन, निक्की, रीमा वर्मा, सुशीत बनर्जी, गणेश भारती सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *