धनबाद सदर अस्पताल पहुंचे डॉ. इरफान अंसारी: ओपीडी में बैठकर मरीजों का किया इलाज, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

अगले तीन वर्षों में धनबाद को मिलेगा नया मेडिकल कॉलेज
अस्पताल में लापरवाही पर सख्त, डॉक्टरों व कर्मियों को दिए निर्देश
धनबाद। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी बुधवार को धनबाद सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने ओपीडी में बैठकर स्वयं मरीजों का इलाज किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मरीजों के इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : स्वास्थ्य मंत्री
निरीक्षण के दौरान डॉ. इरफान अंसारी ने डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को सम्मानजनक और समयबद्ध उपचार मिलना चाहिए।
धनबाद में बनेगा नया मेडिकल कॉलेज
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगले तीन वर्षों में धनबाद में एक नया मेडिकल कॉलेज स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज का नाम दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेडिकल कॉलेज रखने का प्रस्ताव है।
साफ-सफाई और दवाओं की उपलब्धता पर दिया जोर
डॉ. अंसारी ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवाओं की नियमित उपलब्धता और मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सरकारी अस्पतालों को मजबूत बनाना सरकार का लक्ष्य
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरकारी अस्पतालों में ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों की ओर न जाना पड़े।
अन्य जिलों के अस्पतालों का भी होगा निरीक्षण
उन्होंने यह भी बताया कि वे राज्य के अन्य जिलों के सदर अस्पतालों का भी निरीक्षण कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को समझा जा सके और आवश्यक सुधार किए जा सकें।
