झारखंड राज्य कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर धनबाद में तैयारियां तेज, 700 प्रतिभागी होंगे शामिल
धनबाद : 13वीं झारखंड राज्य सीनियर महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता 2026 के सफल आयोजन को लेकर धनबाद में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में डॉक्टर जे के सिन्हा मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल ऑफ लर्निंग, धनबाद में धनबाद जिला कबड्डी एसोसिएशन एवं झारखंड राज्य कबड्डी संघ की संयुक्त प्रेस वार्ता सह बैठक आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए झारखंड राज्य कबड्डी संघ के महासचिव संजय कुमार झा ने बताया कि 5 से 7 जून 2026 तक आयोजित होने वाली इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से लगभग 700 खिलाड़ी, कोच, मैनेजर एवं रेफरी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों की टीमें हिस्सा लेंगी।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि धनबाद में झारखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।
बैठक में धनबाद जिला कबड्डी संघ के चेयरमैन प्रदीप मंडल, जिला अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव, जिला सचिव मिंटू ठाकुर, उपाध्यक्ष रतीलाल महतो, निरंजन महतो, कौशिक चटर्जी, मीरा सोरेन, अरुण पाठक, शोभा सिन्हा, डॉ. बी. जगदीश राव, मुकेश राय, सरोज प्रसाद, अंकित पासवान, संगठन मंत्री सनि राय, मुख्य कोच पप्पू कुमार यादव, मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार एवं शशिकांत पांडेय सहित कई पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित थे।
इस अवसर पर झारखंड राज्य कबड्डी संघ के अध्यक्ष तपन राउत, अक्फी रेफरी बोर्ड के चेयरमैन हरीश कुमार तथा मनोज कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।
