Home

देश को दहलाने की साजिश नाकाम, ISI-अंडरवर्ल्ड नेटवर्क के 9 सदस्य गिरफ्तार

 New Delhi : राजधानी दिल्ली में सुरक्षा बलों और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े आतंकवादी नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। इस कार्रवाई में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और अंतरराष्ट्रीय अंडरवर्ल्ड से जुड़े लोगों के इशारों पर काम कर रहा था। सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय थे और उन्हें विदेश से निर्देश मिल रहे थे। इस कार्रवाई को हाल के सालों में आतंकवादियों के खिलाफ हुई बड़ी सफलताओं में नतीजे जा रहा है।

दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और पंजाब से हुई गिरफ्तारियां

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और पंजाब से की गई है। अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को कई अहम सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों के कब्जे से विदेशी हथियार, ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। बरामद सामान की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि उसके स्रोत और इस्तेमाल की संभावित योजना का पता लगाया जा सके।

बड़े प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की थी साजिश

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का नेटवर्क देश के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। संभावित लक्ष्यों में पावर प्लांट, बिजली उत्पादन और वितरण केंद्र, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन समेत कई रणनीतिक संस्थान शामिल थे। जांच एजेंसियों को यह भी आशंका है कि सुरक्षा बलों और जवानों को भी निशाना बनाने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, अभी तक इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

फंडिंग और हथियार सप्लाई की जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की फंडिंग, हथियारों की आपूर्ति और विदेशी संपर्कों की गहन जांच कर रही हैं। जांचकर्ताओं की कोशिश है कि यह पता लगाया जा सके कि देश के अन्य हिस्सों में भी इस नेटवर्क के सदस्य सक्रिय हैं या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं। कई डिजिटल उपकरण और दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं।

प्रेस ब्रीफिंग में हो सकता है बड़ा खुलासा

इस पूरे मामले को लेकर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की ओर से विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है। पुलिस मुख्यालय में आयोजित होने वाली प्रेस ब्रीफिंग में गिरफ्तारियों, बरामद हथियारों और नेटवर्क के काम करने के तरीके को लेकर कई अहम खुलासे हो सकते हैं।सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से देश के संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर संभावित बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया गया है। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े हर पहलू की पड़ताल में जुटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *