चलती स्कूटी पर स्टंटबाजी करना पड़ा महंगा, वायरल वीडियो के बाद कटा 5 हजार का चालान

Ranchi : सोशल मीडिया पर लाइक्स और रील्स के चक्कर में सड़क पर स्टंटबाजी करना राजधानी रांची के दो युवकों को महंगा पड़ गया। चलती स्कूटी पर खतरनाक करतब दिखाने का वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन मालिक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया। मामला दलादिली चौक के पास का बताया जा रहा है, जहां दो युवकों सड़क पर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए स्टंट करते नजर आए थे। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
वायरल वीडियो में दो युवक एक स्कूटी पर सवार दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूटी चला रहा युवक तो हेलमेट पहने हुए है, लेकिन पीछे बैठा युवक बिना हेलमेट के सफर कर रहा है। इतना ही नहीं, दोनों युवक चलती स्कूटी पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों के बीच इस तरह की हरकत ने लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया।
ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। वायरल फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान की गई। जांच में स्कूटी का नंबर JH 01 DN 2274 पाया गया। इसके बाद ट्रैफिक एसपी के निर्देश पर संबंधित वाहन पर 5,000 रुपये का चालान किया गया। पुलिस का कहना है कि सड़क पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वीडियो में दिखाई गई लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी। सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच स्टंट करना न सिर्फ खुद की जान को खतरे में डालता है, बल्कि दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ सेकेंड की दिखावेबाजी कई बार जिंदगी भर का दर्द दे जाती है। ऐसे मामलों में छोटी सी चूक भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
पुलिस ने दी चेतावनी
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क को स्टंटबाजी या रील बनाने का मंच न बनाएं। सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल जरूर करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अगर भविष्य में कोई भी व्यक्ति सड़क पर इस तरह की खतरनाक हरकत करते पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए सड़क पर स्टंट करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी कर रही है। रांची की यह घटना एक बार फिर बताती है कि कुछ मिनटों की शोहरत के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना भारी पड़ सकता है।
