Home

झारखंड में मेडिकल शिक्षा के लिए 10.70 करोड़ रुपये जारी, छात्रों को मिलेगा लाभ

Ranchi: झारखंड सरकार ने राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और फार्मेसी संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत 10 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक की राशि जारी की है. सरकार का उद्देश्य मेडिकल शिक्षा को बेहतर बनाना और छात्रों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है. इस बजट में सबसे अधिक जोर छात्रवृत्ति और बुनियादी सुविधाओं के सुधार पर दिया गया है.सरकार ने छात्रवृत्ति मद में 3 करोड़ 60 लाख रुपये का प्रावधान किया है, जिससे सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ने वाले जरूरतमंद छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा. बढ़ती पढ़ाई की लागत को देखते हुए यह सहायता छात्रों के लिए राहत मानी जा रही है.

इन संस्थानों को मिलेगा लाभ

यह राशि राज्य के छह प्रमुख संस्थानों को दी जाएगी, जिनमें शामिल हैं.

  • धनबाद का शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज
  • जमशेदपुर का एमजीएम मेडिकल कॉलेज
  • हजारीबाग का शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल
  • दुमका का फुलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल
  • पलामू का मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल
  • रांची का राजकीय फार्मेसी संस्थान

बुनियादी सुविधाओं में होगा सुधार

सरकार ने कॉलेजों में बिजली भुगतान, पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण, भवन मरम्मत, कार्यालय संसाधनों की खरीद और वाहन व्यवस्था जैसे कार्यों के लिए भी अलग से राशि निर्धारित की है. इससे शैक्षणिक माहौल और प्रशासनिक व्यवस्था दोनों में सुधार की उम्मीद है.

वित्तीय अनुशासन पर जोर

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश में वित्तीय अनुशासन पर विशेष जोर दिया गया है. सभी संस्थानों के प्राचार्यों को राशि के उपयोग की जिम्मेदारी दी गई है और हर महीने व्यय का विस्तृत प्रतिवेदन विभाग को भेजना अनिवार्य किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *