पलामू: पत्नी ने पति को लाठी से पीटा, फिर फंदे से लटकाया; आरोपी महिला गिरफ्तार
पलामू, 3 अगस्त । झारखंड के पलामू जिले में घरेलू विवाद के चलते एक महिला ने अपने पति को पहले लाठी से पीटा और फिर दुपट्टे से फंदा डालकर लटका दिया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल पति की जान बच गई है और वह अस्पताल में इलाजरत है। होश में आने के बाद दिए गए बयान के आधार पर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया गया।
घटना सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया गांव की
घटना सतबरवा थाना क्षेत्र के बकोरिया गांव की है। जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय पूजा देवी ने तीन दिन पहले अपने पति संतोष राम पर लाठी से हमला किया। हमले में संतोष बेहोश हो गया। इसके बाद पूजा ने उसे अपने दुपट्टे से फंदे पर लटका दिया।
घटना की भनक लगते ही परिजनों ने संतोष को फंदे से उतारा और नवजीवन अस्पताल, तुंबागड़ा में भर्ती कराया। होश में आने के बाद संतोष ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गुरुवार की रात घर लौटते ही पत्नी ने अचानक लाठी से हमला कर दिया और फिर कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने बाद में बताया कि वह फंदे से लटका मिला था।
थाना प्रभारी ने की पुष्टि, महिला जेल भेजी गई
थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूजा देवी को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया है।
2013 में हुई थी शादी, पहले से चल रहा था विवाद
पूजा और संतोष की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं—एक 11 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा। ग्रामीणों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत में भी मामला गया था। बताया गया है कि पूजा का मायका रांची में है और मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। कुछ समय पहले पूजा दो बार ससुराल से भाग भी चुकी थी।
