Home

गुमला के कृष्ण टाना भगत का इंडिया अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयन, जिले को मिला एक और गौरव


गुमला, 3 अगस्त । खेल नगरी के रूप में पहचान बना चुके गुमला के लिए एक और गर्व का क्षण आया है। राजकीयकृत मध्य विद्यालय, गुमला मुख्यालय में पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के छात्र कृष्ण टाना भगत का चयन इंडिया अंडर-16 क्रिकेट टीम में हुआ है।

साधारण परिवार से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक का सफर

14 वर्षीय कृष्ण टाना भगत मूल रूप से सिसई प्रखंड के नगर सिसकारी गांव का निवासी है। वह फिलहाल महुआडीपा में एक दोस्त के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई और क्रिकेट की प्रैक्टिस करता है। कृष्णा रोजाना बस से स्कूल जाता है और शाम को परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में कोच ज्ञान सर के मार्गदर्शन में क्रिकेट प्रशिक्षण लेता है।

कृष्णा के पिता हिमाचल प्रदेश में वेल्डिंग का काम करते हैं, जबकि मां सिलाई कर परिवार का सहयोग करती हैं। कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद माता-पिता ने बेटे के क्रिकेट प्रेम को कभी बाधित नहीं होने दिया। दिसंबर 2024 में रांची में आयोजित ट्रायल में कृष्णा को बैट्समैन के रूप में चयनित किया गया।

स्कूल और जिले में खुशी का माहौल

कृष्णा के चयन की खबर मिलते ही स्कूल में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षक, सहपाठी और स्थानीय लोग उसे बधाइयाँ दे रहे हैं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

यह उपलब्धि न केवल कृष्णा के लिए, बल्कि पूरे गुमला जिले के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है कि संघर्ष और समर्पण से बड़ी उपलब्धियाँ हासिल की जा सकती हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *