Home

पलामू: शराब के नशे में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की, गिरफ्तार


पलामू। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के उलडंडा पंचायत अंतर्गत बागी गांव के पाचोपड़वा टोला में बीती रात घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 40 वर्षीय सुनीता देवी, पत्नी विपन भुइयां के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, सुनीता देवी मंगलवार की शाम नशे की हालत में गांव के गुमटी संचालक नंदकिशोर उरांव की दुकान पर ग्लास खरीदने पहुंची थी और शराब पी रही थी। उसकी हालत बिगड़ने पर नंदकिशोर ने उसकी ननद बिगनी देवी को बुलाकर घर भिजवाया। घर पहुंचने के बाद पति-पत्नी के बीच नशे की हालत में विवाद हुआ, जिसके बाद विपन भुइयां ने लाठी से पत्नी की पिटाई कर दी और अंत में उसकी गर्दन मरोड़ दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी ओम प्रकाश शाह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेजा गया। महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और घावों पर हल्दी लगाए जाने के संकेत भी मिले हैं।

घटना की पुष्टि मृतका की ननद बिगनी देवी ने भी की है, जिन्होंने पुलिस को बयान दिया कि आरोपी ने पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या की है। मृतका के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, एक बेटा 18 वर्ष का है और एक बेटी 12 वर्ष की है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे।

पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *