स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकता है : राज्यपाल
रांची, 31 अगस्त । राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि चिकित्सा सेवा केवल रोग के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरिमा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ी है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को सुलभ और किफायती चिकित्सा उपलब्ध कराने वाले संस्थानों की सामाजिक भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल सोमवार को रांची स्थित नागरमल मोदी सेवा सदन के 69वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1958 में एक छोटे मातृत्व गृह के रूप में शुरू हुई यह संस्था आज बहुविशेषता वाले अस्पताल के रूप में विकसित हो चुकी है। इसकी लगभग सात दशक की यात्रा सेवा, समर्पण, सामाजिक सहयोग और निरंतर परिश्रम का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में स्वास्थ्य को जीवन का मूल आधार माना गया है। ‘पहला सुख निरोगी काया’ की भावना यह संदेश देती है कि स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज का निर्माण कर सकता है।
मरीज का सम्मान और विश्वास जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि किसी अस्पताल की पहचान केवल उसकी इमारत, आधुनिक उपकरणों या तकनीकी सुविधाओं से नहीं होती। मरीज बीमारी के साथ चिंता, पीड़ा और उपचार की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचता है। ऐसे में बेहतर चिकित्सा के साथ उसके सम्मान, विश्वास और भावनाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है।
उन्होंने नागरमल मोदी सेवा सदन के संदेश ‘कम खर्च, समुचित इलाज, सही व्यवहार’ की सराहना करते हुए कहा कि यह चिकित्सा सेवा में किफायत, गुणवत्ता और मानवीय संवेदना के महत्व को दर्शाता है। बढ़ते चिकित्सा खर्च के बीच किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले संस्थानों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
राज्यपाल ने कहा कि ‘आयुष्मान भारत’ जैसी पहलों के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे समय में सेवा सदन जैसे अनुभवी और जनसेवा के प्रति समर्पित संस्थानों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि रांची और आसपास के लोगों का सेवा सदन पर वर्षों से बना विश्वास इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए चिकित्सा गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, स्वच्छता और मानवीय व्यवहार को प्राथमिकता देनी होगी। बदलती चिकित्सा आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ सेवाओं, प्रशिक्षण और अनुसंधान को भी बढ़ावा देना चाहिए।
डायलिसिस विभाग का किया भ्रमण
राज्यपाल ने अस्पताल के चिकित्सकों, नर्सिंग एवं तकनीकी स्टाफ तथा अन्य कर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल की सफलता पूरी टीम के समन्वय, परिश्रम और समर्पण से सुनिश्चित होती है। मरीज के कठिन समय में उसके साथ खड़ा रहना और उसके मन में विश्वास जगाना चिकित्सा सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इससे पूर्व राज्यपाल ने अस्पताल के सामुदायिक डायलिसिस विभाग का भ्रमण किया। उन्होंने इलाजरत मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
राज्यपाल ने विश्वास जताया कि नागरमल मोदी सेवा सदन भविष्य में भी अपनी गौरवपूर्ण सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जरूरतमंदों को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती चिकित्सा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
