रांची

श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में 281वां अन्नपूर्णा महाप्रसाद आयोजित

रांची, 31 अगस्त। पुंदाग स्थित एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में 281वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।

इस अवसर पर श्री राधा रानी का आकर्षक श्रृंगार मनोहारी पुष्पों और आभूषणों से किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय ने विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ भगवान को महाप्रसाद का भोग अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, लीची जूस और आलू चिप्स का वितरण किया गया। मंदिर परिसर में करीब दो हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

भजनों से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन संध्या में ट्रस्ट के भजन गायकों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर राधे-कृष्ण और श्याम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया।

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और करीब चार हजार से अधिक भक्तों ने भगवान के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से दो बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, सुरेश अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, विजय अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, सुरेश चौधरी, अरविंद अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, अंजनी अग्रवाल, सुरेश भगत, पवन पोद्दार, ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *