Home

NSUI का जन आक्रोश मार्च, दो साल से अटकी छात्रवृत्ति को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र

Ranchi : झारखंड में पिछले करीब दो वर्षों से छात्रवृत्ति नहीं मिलने से छात्रों में गहरा आक्रोश है। इसी मुद्दे को लेकर आज NSUI के बैनर तले छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जन आक्रोश मार्च निकाला। मार्च मोरहाबादी मैदान से शुरू होकर लोक भवन तक गया।

मार्च के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाए और छात्रवृत्ति की राशि जल्द जारी करने की मांग की। छात्र संगठनों का कहना है कि छात्रवृत्ति का भुगतान राज्य और केंद्र सरकार संयुक्त रूप से करती हैं, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से तय फंड नहीं मिलने के कारण भुगतान अटका हुआ है।

NSUI नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि केंद्र की सत्ता में दूसरी पार्टी होने के कारण राज्य को उसका हक नहीं दिया जा रहा। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक बंधु तिर्की भी शामिल हुए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार को उसका अधिकार नहीं दे रही है, जिससे छात्र परेशान हैं। वहीं बंधु तिर्की ने बताया कि 2022 से छात्रवृत्ति लंबित है और केंद्र से राशि मिलने के बाद ही राज्य सरकार भुगतान कर सकती है।

छात्र संगठनों ने कहा कि वे राज्यपाल को अपनी मांगों से अवगत कराएंगे और छात्रवृत्ति जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *